माघ मेला मंच पर तीसरी सांस्कृतिक संध्या लोक गायक मनोज सागर के नाम रही। उनके द्वारा प्रस्तुत जौनपुरी एवं जौनसारी गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। मेला मंच पर पीजी कालेज छात्रसंघ की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। रविवार को भी स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
शनिवार रात को जौनसारी लोक गायक मनोज सागर एवं साथियों ने गीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों से लोगों को झूमने पर मजबूर किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गोपाल रावत ने माघ मेले के सफल आयोजन के लिए जिला पंचायत की सराहना की। इससे पूर्व छात्रसंघ की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में छात्रनेता स्व. मुलायम सिंह राणा के माता-पिता को सम्मानित किया गया। इसके अलावा हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। छात्रसंघ अध्यक्ष दिपेंद्र कोहली ने स्व. राणा द्वारा छात्रहित में किए गए कार्यों की जानकारी दी।
रविवार को भी मेला मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। धनराज एंड पार्टी, लोक गायक रामकौशल, जयप्रकाश घलवान एवं बद्री केदार समिति गोचर की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दर्शकों ने लुत्फ लिया। नौगांव ब्लाक के सांस्कृतिक दल ने क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति के साथ ही बेटी बचाओ जैसे संदेश प्रद कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, उपाध्यक्ष प्रकाश रमोला, कुलदीप बिष्ट, विमला नौटियाल, संतोषी सजवाण, समरवीर पंवार आदि मौजूद रहे। संचालन नागदत्त, शिवरतन रावत एवं राजाराम भट्ट ने किया।