जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर करना पड़ रहा है सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़कोट। सर बडियार और ठकराल पट्टी के 13 गांवों को जोड़ने वाला राजगढी सरनौल मोटर मार्ग पर चलना मुश्किल है। गंगटाड़ी से सरनौल तक करीब 16 किलोमीटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
गंगटाड़ी-सरनौल मोटर मार्ग बीते लंबे समय से पूरी तरह बदहाल पड़ा है। ग्रामीणों को जान जोखिम में डाल कर सफर करना पड़ रहा है। भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर सड़क धंस गई है जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही भी बंद हो रखी है। गंगटाड़ी से आगे सरनौल के लिए बड़े वाहन भी नही जा पा रहे हैं। उबड़-खाबड़ सड़क पर आए दिन लोगों के वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
बदहाल मोटर मार्ग पर कई बार दुपहिया वाहन चालक चोटिल भी हो गए हैं। कोटी गांव से आगे सड़क पर बने पुल की एप्रोच भी क्षतिग्रस्त हो रखी है और वहां से वाहनों को बड़ी मुश्किल से गदेरे से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। क्षेत्र के ग्रामीण जगमोहन सिंह राणा, रणवीर सिंह, रोहित सिंह, उपेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह ने बताया कि 13 गांवों की लाइफ लाइन गंगटाड़ी से सरनौल वाली सड़क पर 16 किमी के एरिया में कहीं भी सड़क चलने लायक नही है। पूरी सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे है जिस पर चलना जोखिमभरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने सड़क सुधारीकरण की मांग की है।