क्षेत्र पंचायत मोरी की बैठक में सदस्यों ने सिंचाई विभाग की नहरों में पानी नहीं चलने पर रोष व्यक्त कर खरसाड़ी, डोभाल गांव, देवजानी, विंगसारी नहर की उच्च स्तरीय जांच कराने का प्रस्ताव पारित किया। बैठक में इंदिरा आवास आवंटन में धांधली की शिकायत कर सदस्यों ने इसकी जांच कराने की मांग की।
ज्येष्ठ उपप्रमुख रमेश नौटियाल की अध्यक्षता में विकासखंड सभागार में बीडीसी बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्यों ने कहा कि रोपाई सीजन शुरू होने के बावजूद क्षेत्र की अधिकांश नहरें सूखी पड़ी हैं।
विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराने पर भी नहरों की मरम्मत नहीं की गई। सदस्यों ने खरसाड़ी, डोभालगांव, देवजानी, विंगसारी नहरों पर लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद पानी नहीं चलने पर रोष जताते हुए इनकी जांच की मांग की।
रेक्चा के प्रधान प्रहलाद सिंह रावत ने इंदिरा आवास आवंटन में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी गांव में 20-20 आवास आवंटित किए गए और कई गांवों में एक भी आवास आवंटित नहीं हुआ। बैठक में एसडीएम केके सिंह, बीडीओ बीडी डिमरी आदि मौजूद रहे।