शिविर में कृषि मंत्री जोशी ने सुनी जनसमस्याएं
उत्तरकाशी। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत गंगोरी में शिविर का आयोजन किया गया। कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शिविर में आमजनता की समस्याएं सुनीं। शिविर में जल निगम के ईई के अनुपस्थित रहने पर मंत्री जोशी नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर सीडीओ को संबंधित अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामीणों ने गंगोरी–अगोड़ा सड़क मार्ग के सुधारीकरण की मांग प्रमुखता से रखी। गंगोत्री नेशनल हाईवे से उत्तरों गांव को जोड़ने वाली सड़क के संबंध में कैबिनेट मंत्री ने पीएमजीएसवाई और राजस्व विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में कुल 47 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज हुई जिसमें 32 शिकायतों निस्तारण मौके पर ही अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
शिविर में उत्तरों से डिंगला तक सड़क मार्ग और सेकू गांव को सड़क से जोड़ने की मांग की गई। कैबिनेट मंत्री ने सेकू, हुर्री आदि गांव की डीपीआर बनाने के निर्देश पीएमजीएसवाई को दिए। शिविर में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दर्जाधारी रामसुंदर नौटियाल, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा नागेंद्र चौहान आदि भी रहे। संवाद
धराली प्रभावितों को बांटे गए चेक
उत्तरकाशी। गंगोरी में आयोजित शिविर में मंत्री गणेश जोशी ने धराली आपदा से प्रभावित 67 परिवारों को 2 करोड़ 1 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। साथ ही सामुदायिक निवेश फंड के तहत स्वयं सहायता समूहों को चेक वितरित किए। उन्होंने सरकार की ओर से मां गंगा स्वयं सहायता समूह को 9 लाख रुपये, कालेश्वर महिला स्वयं सहायता समूह को 11 लाख रुपये, प्रगति महिला स्वयं समूह को 3 लाख 75 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। इसके साथ ही तीन प्रगतिशील किसानों को पावर वीडर वितरित किए। संवाद