पुरोला। क्वारंटीन नियमों का उल्लंघन करने पर मोरी ब्लॉक स्थित खरसाड़ी गांव के एक कोरोना संक्रमित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। युवक के संपर्क में आए 12 से अधिक लोगों को भी क्वारंटीन किया गया है।
कोविड मजिस्ट्रेट अवधेश बिजल्वाण ने बताया कि जेपी कंस्ट्रक्शन कंपनी में ड्राइवर मोहन 20 जुलाई को खरसाड़ी गांव स्थित अपने घर आया था, जिसे 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन किया था। 1 अगस्त को सीएचसी पुरोला में युवक का सैंपल लेकर उसे घर में ही रहने की हिदायत दी गई थी, लेकिन बृहस्पतिवार को युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जब कोविड टीम उसे लेने घर पहुंची तो वह गायब मिला। परिजनों ने बताया कि युवक गांव के पास स्थित कमलेश्वर मंदिर गया है। इस लापरवाही पर टीम ने युवक के खिलाफ मोरी थाने में मुकदमा दर्ज कराकर उसे जीएमवीएन बड़कोट में आइसोलेट कर दिया। एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले संक्रमित युवक के खिलाफ धारा 269, 270 व आपदा प्रबंधन अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। संवाद
कोरोना के कारण नहीं होगा बाणेश्वर देवता मेला
उत्तरकाशी। कोरोना संक्रमण के कारण भटवाड़ी ब्लॉक के प्रसिद्ध बाणेश्वर देवता मेले को स्थगित कर दिया गया है। मेले के आयोजकों ने आसपास के सभी ग्रामीणों से मेले में शामिल नहीं होने की अपील की है।
लौंथुरू व बायणा गांवों के ग्रामीणों की ओर से प्रति वर्ष 13 अगस्त को बाणेश्वर देवता का भव्य मेला आयोजित किया जाता है, जिसमें आसपास के छह से अधिक गांवों के श्रद्धालु दूध लाते हैं जिससे देवता का दुग्धाभिषेक किया जाता है। शुक्रवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पुजारियों व अन्य ग्रामीणों ने बैठक की, जिसमें कहा गया कि मेले का आयोजन करने से स्थानीय स्तर पर भी संक्रमण फैल सकता है। इसलिए इस बार 13 तारीख को मेले का आयोजन नहीं किया जाएगा। हालांकि परंपराओं का अनुपालन करने के लिए मंदिर के पुजारी बाणेश्वर देवता की पूजा अर्चना करेंगे। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य वंदना राणा, लौंथुरू प्रधान कुसुमलता नौटियाल, बायणा प्रधान गंगेश्वरी देवी, गोकुल प्रसाद कंसवाल, अनिल राणा, बलवीर पंवार, मनोज कंसवाल, उपेंद्र सिंह, कमल सिंह, विजय राणा, इंद्रमणी आदि मौजूद रहे। संवाद