कोरोना पॉजिटिव मरीजों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर न करना पड़े इसके लिए प्रशासन ने जिले में ही चिकित्सा इंतजाम चाक चौबंद करने की कवायद शुरू कर दी है। डीएम मयूर दीक्षित ने कोविड-19 की समीक्षा करते हुए अस्पताल में आईसीयू एवं वेंटिलेटर बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. एसडी सकलानी ने बताया कि जिलेे अस्पताल में 98 बेड और आईसीयू में 10 बेड हैं। 50 छोटे और 10 बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं। डीएम मयूर दीक्षित ने अस्पताल में आईसीयू एवं वेंटिलेटर बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। डीएम ने कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट एवं बफर जोन बनाकर वहां सभी लोगों की सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पीआरडी, होमगार्ड एवं आशा वर्कर्स का हर 15 दिन में रैपिड एंटीजन टेस्ट कराने को कहा। इस मौके पर सीएमओ डा.डीपी जोशी, एडीएम तीर्थपाल सिंह, एसडीएम देवेंद्र नेगी एवं आकाश जोशी, सीवीओ डा.प्रलयंकर नाथ, डा.सुजाता सिंह, देवेंद्र पटवाल, सर्वेश कुमार आदि मौजूद रहे।