हनुमान मंदिर में 25 साल से निभाई जा रही बंगाल की दुर्गा पूजा की परंपरा
उत्तरकाशी। शारदीय नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की आराधना की एक अनूठी परंपरा और उत्साह के साथ निभाई जा रही है। शहर के हनुमान मंदिर में नवदुर्गा उपासना समिति की ओर से पिछले 25 वर्षों से दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान बंगाल की परंपरा के अनुसार मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की जा रही है। इसके साथ ही विजयादशमी के दिन प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है।
नवदुर्गा उपासना समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश चंद सोनी के नेतृत्व में हर वर्ष देहरादून से मां दुर्गा के साथ भगवान गणेश, माता लक्ष्मी, मां सरस्वती, भगवान कार्तिकेय और महिषासुर मर्दिनी की प्रतिमाएं मंगाई जाती हैं। हनुमान मंदिर समिति के सहयोग से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
आजकल नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहता है। महोत्सव के तहत पूजा मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाते हैं। हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य शिव प्रसाद भट्ट और चंद्रशेखर प्रसाद भट्ट विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराते हैं। इस दौरान श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद सोनी ने बताया कि पिछले ढाई दशक से आयोजित हो रहा यह दुर्गा पूजा महोत्सव उत्तरकाशी की धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में विशेष स्थान रखता है। इस मौके पर नरेश चंद सोनी, उदय शर्मा, बृजेश श्रिमा, शंभू, प्रह्लाद आदि मौजूद रहे।