उत्तरकाशी। आपदा प्रभावित क्षेत्र धराली में रविवार को पुनर्वास और आजीविका को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमालयन पर्यावरण जड़ी बूटी एग्रो संस्थान (जाड़ी) की ओर से निर्मित सामुदायिक भवन, दो एप्पल स्टोर और एप्पल ग्रेडिंग सेंटर का रिबन काटकर लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जाड़ी संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने विषम परिस्थितियों में आपदा प्रभावित परिवारों की सेवा कर एक मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल राहत देते हैं बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका को भी स्थायी आधार प्रदान करते हैं।
जाड़ी संस्थान के द्वारिका प्रसाद सेमवाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि संस्था की ओर से धराली आजीविका पुनर्स्थापना मिशन संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत आपदा प्रभावित परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां चलाई जा रही हैं। यह पहल धराली क्षेत्र में आर्थिक पुनर्निर्माण और स्थानीय लोगों के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम में विधायक सुरेश चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, दर्जाधारी प्रताप सिंह पंवार, बेंगलुरु से आए डोनेटकार्ट फाउंडेशन के सीटी चैतन्य, धराली युवा सहकारिता के रजत पंवार, जयदेव पंवार, मंजुल, आलोक, शाश्वत, आशीष सेमवाल, अश्मित राजमणि मौजूद रहे।