उत्तरकाशी। उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में जनपद के कुल 12 छात्र-छात्राओं ने राज्य की मेरिट में स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है, जिसमें गोस्वामी गणेशदत्त सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज उत्तरकाशी की राधिका उनियाल व वैभवी मिश्रा ने संयुक्त रूप से राज्य में 12वां तथा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ की अदिति पडियार और शालिनी ने 95.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरा तथा राज्य में 14वां स्थान हासिल किया है। गोस्वामी गणेश दत्त स्कूल की अंकिता और सरस्वती विद्या मंदिर चिन्यालीसौड़ की शीतल रमोला 94.6 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में तीसरे तथा राज्य में 18वें स्थान पर रहीं। सरस्वती विद्या मंदिर चिन्यालीसौड़ के आकाश राणा ने 94 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में चौथा तथा राज्य में 21वां स्थान हासिल किया। हिलग्रीन चिल्ड्रन स्कूल बड़कोट के प्रभात कुमार ने 93.8 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में पांचवीं तथा राज्य में 22वीं रैंक प्राप्त की। सरस्वती विद्या मंदिर ज्योतिपुरम तिलोथ के सुधांशु भट्ट 93.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में छठे और राज्य में 24वें स्थान पर रहे। वहीं 93.2 प्रतिशत अंकों के साथ सरस्वती विद्या मंदिर डुंडा के गौरव बिष्ट, सरस्वती विद्या मंदिर पुरोला की अन्नपूर्णा रावत और सरस्वती विद्या मंदिर चिन्यालीसौड़ की साधना मिश्रा ने जिले में सातवां और राज्य में 25वां स्थान हासिल किया।