विकासखंड नौगांव के बाडिया गांव में किशोर-किशोरियों में पीलिया की शिकायत पर रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम में शामिल डॉक्टरों ने करीब 18 किशोर-किशोरियों की सैंपल लेकर दवाई दी।
बीते कुछ दिनों से यमुनोत्री धाम से लगी गीठ पट्टी के बाडिया गांव में 12-15 साल तक के किशोर-किशोरियों में पीलिया की शिकायत सामने आई। गांव में पीलिया के मामले बढ़ने से ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल था। यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने सीएमओ को मामले की जानकारी दी थी, जिसके बाद रविवार को स्वास्थ्य विभाग की एक टीम बाडिया गांव पहुंची। टीम में शामिल डॉक्टर अर्पित राय, डा. प्रतिक्षणा ने करीब 18 किशोर-किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जांच में किशोर-किशोरियों में पीलिया के ही लक्षण दिखाई दिए हैं, जिसके बाद सभी के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। वहीं इस दौरान ग्रामीणों ने डॉक्टरों से पीने के पानी का भी सैंपल लेने की मांग की थी, जिस पर डॉक्टरों ने कहा कि पीने के पानी का सैंपल संबंधित विभाग की ओर से लिया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम में संजय रावत, आलेंद्र रावत व सौरभ रावत भी शामिल रहे।