हर्षिल पर्यटकों को जल्द नए स्वरूप में नजर आएगा। डीएम मयूर दीक्षित ने हर्षिल में मास्टर प्लान के तहत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क चौड़ीकरण, पार्किंग, वॉल पेंटिंग सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य 30 अप्रैल तक पूरे करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को हर्षिल में निर्माण कार्यों का जायजा लेने के बाद डीएम दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सीएम की घोषणा के तहत हर्षिल को मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जाना है। उन्होंने बताया कि हर्षिल में निर्माणाधीन पुल के पास खाली पड़ी भूमि का समतलीकरण कर पार्किंग के उपयोग में लाया जाएगा। उन्होंने निर्माणाधीन मोटर पुल एवं सड़क कार्यों में तेजी लाने के साथ जून तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ककोड़ागाड़ पर निर्माणाधीन पुल से बगोरी गांव की ओर से जाने वाली सड़क का ढलान कम करने, मुख्य बाजार को पारंपरिक स्ट्रीट के रूप में विकसित करने, हर्षिल की आंतरिक सड़कों पर पत्थर बिछाने, अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ी करने, स्ट्रीट लाइटिंग के साथ बिजली की खुली तारों को अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए।
हर्षिल को साफ रखने के लिए जैविक व अजैविक कूड़े का अलग-अलग निस्तारण करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बैंक की कनेक्टिविटी को ठीक करने, कछोरा विद्युत स्टेशन को उच्चीकृत करने, सीएससी सेंटर खोलने, हैरिटेज बिल्डिंग झाला को संरक्षित करने के साथ स्वास्थ्य केंद्र में महिला डाक्टर तैनात करने व हर्षिल इंटर कॉलेज में एनसीसी खोलने की मांग की। इस मौके पर डीएफओ दीपचंद आर्य, एसडीएम देवेंद्र नेगी, परियोजना निदेशक संजय सिंह, ईई लोनिवि राजेंद्र खत्री, पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, ईई विभूविश्वमित्र रावत, आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल आदि मौजूद रहे।