भारी बारिश के कारण जगह-जगह हुए भूस्खलन से उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग के साथ ही गंगोत्री एवं यमुनोत्री हाईवे अवरुद्ध हो गए, जिसके चलते तीर्थयात्रियों व स्थानीय लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले की सड़कों पर जगह-जगह बारिश के पानी के साथ बहकर आया मलबा बिखरा होने से वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है।
जिला मुख्यालय सहित जनपद के तमाम हिस्सों में बीते मंगलवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा, जिससे गंगोत्री हाईवे बड़ेथी चुंगी में मंगलवार देर रात से ही अवरुद्ध पड़ा है।
बृहस्पतिवार को यहां ऑल वेदर रोड के तहत ट्रीटमेंट कार्य कर रही कंपनी ने मलबा हटाने का काम शुरू किया है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक यहां यातायात बहाल नहीं हो पाया है। हालांकि प्रशासन द्वारा मनेरा बाईपास से रूट डायवर्ट किए जाने से यहां यातायात सुचारु है।
उधर, ओजरी-डबरकोट स्लाइड जोन में बुधवार देर रात को बारिश के साथ भूस्खलन सक्रिय होने के कारण यमुनोत्री हाईवे भी अवरुद्ध हो गया। इस दौरान सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से बड़कोट और स्यानाचट्टी में रोका गया।
हालांकि मौके पर मौजूद एनएच कर्मियों ने बारिश थमने के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मलबा साफ कर यहां यातायात बहाल कर दिया है, लेकिन यहां अब भी सड़क दलदली होने और पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने के कारण यातायात खासा जोखिम भरा बना हुआ है।
इधर, सिरी गांव के निकट भूस्खलन होने से उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग भी बृहस्पतिवार सुबह साढ़े छह बजे बाधित हो गया, जिसे दोपहर 11 बजे वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जा सका।