बड़कोट में लॉक डाउन के बीच कुछ इस तरह विरान हुआ शहर।
- फोटो : UTTER KASHI
कोरोना वायरस संक्रमण के इस दौर में जनपद में कुल 101 विदेशी नागरिक मौजूद हैं। इनमें से 82 विदेशी पंजीकृत हैं और लंबे समय से उत्तरकाशी में ही निवास कर रहे हैं। टूरिस्ट वीजा पर भारत आए 19 विदेशी पर्यटक भी लॉक डाउन के चलते उत्तरकाशी में ही रुके हुए हैं। इनमें से एक विदेशी पर्यटक को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
जनपद में महर्षि आश्रम के गजोली और कुंसी आश्रम में कुल 68 विदेशी नागरिक लंबे समय से योग साधना के लिए ठहरे हुए हैं। इनके अलावा आर्य विहार सैंज में 8, हिम क्रिश्चियन एकेडमी मातली में 2, पाइनवुड फाउंडेशन स्कूल डुंडा में एक व पाटा गांव में एक विदेशी नागरिक रह रहा है। इनके अलावा ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत सिल्क्यारा-पोल गांव सुरंग निर्माण से जुड़े ग्रीस के दो इंजीनियर भी जनपद में हैं, जिन्हें बड़कोट के एक होटल में ठहराया गया है। यह सभी विदेशी जिले में पंजीकृत हैं और लंबे समय से यहां हैं। इनमें से किसी में भी कोरोना संक्रमण का कोई लक्षण नहीं है।
इनके अलावा बीते दिनों टूरिस्ट वीजा पर उत्तरकाशी पहुंचे 19 विदेशी पर्यटक भी लॉक डाउन के चलते उत्तरकाशी में ही रुके हुए हैं। इनमें से रूस, यूक्रेन, जापान एवं बेलारूस के कुल 11 पर्यटकों को पायलट बाबा आश्रम में ठहराया गया है, जबकि इजराइल, फ्रांस, कनाडा, रूस, चैक रिपब्लिक, जर्मनी एवं इंग्लैंड के 1-1 पर्यटक होम स्टे में जिला मुख्यालय के आसपास ठहरे हैं। बीते दस मार्च को भारत आए मलेशिया के एक पर्यटक को प्रशासन ने जिला अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में रखा है। इसकी जांच के लिए सैंपल लैब में भेजे गए हैं, जिसकी अभी रिपोर्ट नहीं आई है। अभी तक की जांच में जिले में मौजूद किसी विदेशी नागरिक में कोरोना संक्रमण के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। लॉकडाउन खुलने तक सभी विदेशी पर्यटकों को अपने स्थान पर ही क्वारंटीन रहने को कहा गया है।