गाजणा क्षेत्र में अवैध शराब के प्रचलन से तंग आई महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर डीएम से इस पर रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने धौंतरी में खुली अंग्रेजी शराब की दुकान अन्यत्र शिफ्ट करने और अगले वित्तीय वर्ष में क्षेत्र में शराब की कोई नई दुकान नहीं खोलने की मांग की है।
गांव बचाओ अभियान के बैनर तले सोमवार को गाजणा क्षेत्र की महिलाएं जिला मुख्यालय पर एकत्र हुईं।
उन्होंने काली कमली धर्मशाला से नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट तक शराब के खिलाफ प्रदर्शन किया। यहां एडीएम को ज्ञापन सौंपकर उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के बढ़ते प्रचलन से माहौल खराब हो रहा है।
बार-बार मांग करने पर भी शराब कारोबारियों और नशेड़ियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से उनके हौसले बुलंद हो रहे हैं।
शाम होते ही शराबियों का हुड़दंग बढ़ने से महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने एडीएम से शराब के बढ़ते प्रचलन पर नकेल कसने, धौंतरी में कमद मोटर मार्ग पर खुली शराब की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने और अगले वित्तीय वर्ष में क्षेत्र में कोई नई शराब की दुकान नहीं खोलने की मांग की।
शराब विरोधी आंदोलन में गाजणा क्षेत्र के कमद, कुमारकोट, बागी, ठांडी एवं भड़कोट के साथ ही भटवाड़ी ब्लाक के गणेशपुर गांव की महिलाओं ने भाग लिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में द्वारिका प्रसाद सेमवाल, पुष्पा चौहान, रतना देवी, सुमनी राणा, जबरा राणा, इंदरा देवी, अरविंद बिष्ट, गजे सिंह पोखरियाल, चतन सिंह, विनोद प्रसाद, लक्ष्मी देवी, जिला पंचायत सदस्य अनीता बिष्ट आदि शामिल थे।