उत्तरकाशी। जिला पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय बेसिक रिवर राफ्टिंग का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न प्रेक्टिकल सेशन, रिवर राफ्टिंग, माउंटेन रेस्क्यू और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया।
मनेरा स्टेडियम में चल रहा पांच दिवसीय रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण का समापन जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी ने किया। उन्होंने कहा कि जिले में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण आपदा प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होंगे। जिले में प्रशिक्षणों के माध्यम से राफ्टिंग में रोजगार के अवसर बढेंगे।
साहसिक प्रशिक्षक दिनेश रावत ने बताया पांच दिनों तक प्रतिभागियों को राफ्टिंग की बारीकियां बताई गई। इसमें प्रतिभागियों को नदी की धारा, प्रवाह की दिशा, सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग और राफ्टिंग के दौरान संतुलन बनाए रखने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षक दल युवाओं को वास्तविक परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास भी कराया गया। संवाद