नेटवर्क के अभाव से नुकसान बढ़ा, लोग भटकते रहे नेटवर्क की तलाश में
पुरोला। मोरी ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्रों में सालों से चली आ रही दूरसंचार व्यवस्था की लचर स्थिति एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गई है। हाल ही में फिताड़ी गांव में हुए भीषण अग्निकांड ने इस समस्या को और उजागर कर दिया। जहां एक ओर ग्रामीणों के आशियाने आग की भेंट चढ़ते रहे वहीं, दूसरी ओर लोग मदद के लिए नेटवर्क की तलाश में भटकते रहे।
ग्राम प्रधान कृष्णा राणा ने बताया कि आग लगने के बाद ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन और फायर सर्विस को सूचना देने का प्रयास किया लेकिन गांव में नेटवर्क न होने के कारण संपर्क स्थापित करना बेहद कठिन हो गया था। मजबूरन कई ग्रामीणों को ऊंचे पहाड़ी स्थानों की ओर दौड़ लगानी पड़ी। जहां किसी तरह मोबाइल सिग्नल मिल सके।
इस प्रक्रिया में काफी समय बरबाद हुआ जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई और नुकसान बढ़ता चला गया। फिताड़ी गांव सहित क्षेत्र के कई गांव आज भी मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सूचना संबंधित विभागों तक पहुंच पाती तो राहत व बचाव कार्य जल्द शुरू हो सकता था और कई घरों को आग की चपेट में आने से बचाया जा सकता था। उन्होंने प्रशासन से जल्द ही क्षेत्र में नेटवर्क सुचारू करने की मांग की।