यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पड़ा क्षतिग्रस्त। स्रोत जागरूक पाठक
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने की मांग, बोले-जल्द बनाई जाए पैदल मार्ग की रेलिंग
उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग आपदा के दौरान कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था लेकिन प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की ओर से अभी तक इसका निर्माण नहीं किया गया है। इससे वहां पर आवाजाही खतरनाक बनी हुई है। यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मांग की है कि जल्द ही क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग और रेलिंग का निर्माण किया जाए।
यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष प्रदीप उनियाल ने बताया कि आपदा के दौरान धाम का पैदल मार्ग कई स्थानों पर बोल्डर और मलबा आने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। वहीं कई स्थानों पर रेलिंग भी टूटी हुई है लेकिन आपदा के करीब डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी पैदल मार्ग पर पुर्ननिर्माण का कार्य नहीं किया गया है।
इससे यात्री जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। वहीं ऐसी स्थिति में यात्रियों के साथ घोड़े खच्चरों के गिरने का भी भय बना हुआ है। उनियाल ने कहा कि इस संबंध में कई बार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मौखिक और लिखित मांग की गई कि जल्द ही क्षतिग्रस्त मार्ग और रेलिंग का निर्माण किया जाए लेकिन इस पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं प्रशासन और लोनिवि किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। क्योंकि पैदल मार्ग संकरा होने के कारण आवाजाही में लगातार खतरा बना हुआ है।