बाल श्रम, भिक्षा और बाल विवाह रोकने की दी विद्यार्थियों को जानकारी
नरेंद्रनगर (टिहरी)। बाल कल्याण समिति की पहल पर पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज धुआंधार में बाल श्रम, बाल भिक्षा व बाल विवाह रोकथाम विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। समाज में व्याप्त कुप्रथाओं के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। बाल कल्याण समिति की ओर से विद्यालय की मेधावी छात्रा हिमानी रावत और छात्र सक्षम कोठियाल को सम्मानित किया गया।
मुख्य वक्ता बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ऋषि कुमार ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों का अंत केवल जनजागरूकता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता में बाधा डालता है। समिति के सदस्य राजेंद्र सिंह गुसाईं ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह नंबर किसी भी जरूरतमंद बच्चे के लिए 24 घंटे उपलब्ध है। समिति के सदस्य मस्तराम डोभाल ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य समाज से भटके बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना है। प्रधानाचार्य सीएल सुमन ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। इस मौके पर पंकज रावत, राकेश कुमार, हेमराज, यूएस रावत, हरेराम राय, दीपक रावत, शीला बिष्ट, केशवानंद भट्ट, सुरेंद्र सिंह, अजब सिंह सैनी, सुनील सिंह आदि मौजूद रहे।
जारी-गंगादत्त थपलियाल