डुंडा प्रखंड के जखारी गांव में कृषि विज्ञान केंद्र चिन्यालीसौड़ के सहयोग से अनुसूचित जाति उपयोजना का शुभारंभ किया गया। इसमें ग्रामीणों को खेती बागवानी में नवीन तकनीकी के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें उन्नत प्रजाति के बीज तथा कृषि यंत्र मुहैया कराए गए।
जखारी गांव में योजना का शुभारंभ करते हुए विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान अल्मोड़ा के निदेशक डॉ. लक्ष्मीकांत ने किसानों के समक्ष आ रही समस्याओं के समाधान बताए। संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. शेर सिंह ने कृषि में यंत्रीकरण पर जोर देते हुए कहा कि इससे खेती को आसान बनाने के साथ ही उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। कीट वैज्ञानिक डॉ. सुबन्ना ने किसानों को कुरमुला आदि कीटों के प्रकोप और इसकी रोकथाम के उपाय बताए। कृषि इंजीनियर श्याम नाथ ने किसानों को मिलेट थ्रेशर एवं अन्य कृषि यंत्रों के प्रयोग की जानकारी दी। योजना के तहत किसानों को उन्नत प्रजाति के सब्जी बीज वितरित किए गए। साथ ही अंत्योदय एवं बीपीएल परिवारों को वीएल स्याही हल, मंडुआ थ्रेशर, कुदाल खुरपी आदि कृषि यंत्र मुहैया कराए गए। इस मौके पर डॉ. गौरव पपनै, वरुण सुप्याल आदि लोग मौजूद रहे।