गाजणा क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाला धौंतरी-कमद सड़क बदहाल पड़ी है। ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग की हालत में सुधार की मांग कर रहे हैं, लेकिन कार्यदायी संस्था एडीबी लोनिवि ध्यान नहीं दे रही है। डामरीकरण सहित अन्य कार्यों के लिए बजट स्वीकृत है।
महज साढ़े सात किमी लंबा धौंतरी-कमद मोटर मार्ग को दुरुस्त करने में कार्यदायी विभाग ने सालों लगा दिया है। करीब 539.61 लाख की लागत से निर्माणाधीन सड़क पर अभी चौड़ीकरण, दीवार निर्माण, पुलिया निर्माण व डामरीकरण आदि कार्य होना बाकी है।
विभाग ने बीच में ही यह सभी काम बंद कर दिए। ऐसे में सड़क से जुड़े भेटियारा, बागी, ठांडी, कमद, कुमारकोट सहित आधा दर्जन से अधिक गांव के ग्रामीण बदहाल सड़क पर जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। मोटर मार्ग पर कई बार जानलेवा हादसे हो चुके हैं।
सड़क की दयनीय हालत को लेकर ग्रामीण कई बार आंदोलन कर चुके हैं। इसके बावजूद कार्यदायी विभाग सुध लेने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों ने विभाग को 15 दिन के भीतर काम शुरू नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने भी एडीबी को तीन महीने के भीतर सड़क सुधारीकरण का काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
किन्हीं कारणों से बीच में ही सड़क का काम बंद करना पड़ा। जल्द ही सड़क का काम शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों को दोबारा शिकायत का मौका नहीं दिया जाएगा।
सुदर्शन रावत, सहायक अभियंता, लोनिवि एडीबी।