जनपद स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन
चिन्यालीसौड़। राजकीय इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ के मैदान में आयोजित जनपदीय माध्यमिक विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में छह टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के अंडर 19 बालक वर्ग के फाइनल में डुंडा ब्लॉक की टीम ने चिन्यालीसौड़ ब्लॉक को तीन रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, अंडर 17 बालक वर्ग में चिन्यालीसौड़ की टीम ने डुंडा को हराकर जीत दर्ज की। बालिका वर्ग और अंडर 14 बालक वर्ग में चिन्यालीसौड़ की एकमात्र टीम होने के कारण उसका चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार और राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रमेश बंठवाण ने किया। इस दौरान अंडर 19 बालक वर्ग के फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए डुंडा ब्लॉक की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 58 रन बनाए। गोपाल ने सर्वाधिक 22 रन, जबकि आयुष ने 12 रन का योगदान दिया।
वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी चिन्यालीसौड़ की टीम निर्धारित ओवरों में 55 रन ही बना सकी। इस तरह डुंडा ने तीन रन से रोमांचक जीत दर्ज की। चिन्यालीसौड़ की ओर से मयंक, विवेक और साहिल ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं, शानदार प्रदर्शन के लिए गोपाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 22 रन बनाने के साथ चार विकेट भी चटकाए।
इसके साथ ही अंडर 17 बालक वर्ग में चिन्यालीसौड़ की टीम ने डुंडा को हराकर जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए डुंडा की टीम ने 51 रन बनाए। सजीव ने सर्वाधिक 17 रन का योगदान दिया। वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी चिन्यालीसौड़ की टीम ने आठवें ओवर में ही जीत हासिल कर ली। चिन्यालीसौड़ की ओर से आनंद ने 16 रन बनाने के साथ दो विकेट भी लिए। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बालिका वर्ग और अंडर 14 बालक वर्ग में चिन्यालीसौड़ ब्लॉक की एकमात्र टीम ने प्रतिभाग किया। दोनों वर्गों में टीम का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इस मौके पर विकास भंडारी, माधव नौटियाल, दिगपाल रावत, दरबान रावत, गिरीश नौटियाल, विनोद राणा, सरस्वती परमार, सोबन राणा, विश्वनाथ राणा, नत्थी सिंह राणा, सुनील पंवार आदि मौजूद रहे।