राजतर-राजगढ़ी-सरनौल मोटर मार्ग पर एक बस हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। देहरादून से गंगटाड़ी जा रही बस के दो टायर राजतर पुल के पास पुश्ता धंसने से सड़क के बाहर निकल गए। चालक की सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में करीब 40 लोग सवार थे।
शुक्रवार देर शाम को एक प्राइवेट बस देहरादून से गंगटाड़ी के लिए रवाना हुई। राजतर मोटर पुल से आगे सड़क पर गड्ढा होने और दूसरे वाहन को साइड देते समय पुश्ता धंसने से बस के दो टायर सड़क से बाहर निकल गए। बस के एक ओर तिरछे होने से सवारियों की सांसें अटक गईं, जिस पर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सवारियों को धीरे-धीरे सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में सवारियों की मदद से बस को खींच कर सड़क पर लाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर गड्ढा होने व साइड देने के लिए जगह कम होने के कारण यह हादसा हुआ।
जिला पंचायत सदस्य आनंद राणा, प्रदीप असवाल, जयवीर जयाड़ा का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण कई बार दुपहिया वाहन भी रपट कर गिर जाते हैं। ब्लॉक प्रमुख सरोज पंवार ने कहा कि लोनिवि एवं राजमार्ग निर्माण खंड को बदहाल सड़कें दुरुस्त एवं गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।