दुर्गंध और जलभराव से लोग हो रहे हैं परेशान
नौगांव (उत्तरकाशी)। नगर क्षेत्र में यमुनोत्री हाईवे पर नाली का गंदा पानी खुलेआम सड़क पर बह रहा है। नालियों के जगह-जगह बंद होने से गंदा पानी सड़क पर बने गड्ढों में जमा हो रहा है। इससे उठ रही दुर्गंध से स्थानीय लोगों में बीमारियों का खतरा बना है।
व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर बह रहे गंदे पानी और वाहनों की आवाजाही से उछलकर दुकानों तक पहुंच रहे पानी के कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। दुकानों में रखे सामान को बचाने के लिए व्यापारी खुद ही सड़क के छोटे-छोटे गड्ढों में पत्थर भरने को मजबूर हैं। वहीं, वाहनों से उछलता गंदा पानी पैदल चलने वालों के कपड़े खराब कर रहा है।
सड़क पर फिसलन और पानी से भरे गड्ढों का अंदाजा न लग पाने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा भी बना हुआ है। इस अव्यवस्था से स्कूली छात्रों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से नालियों की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। राजमार्ग निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि ठेकेदार को जल्द सूचित कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।