बढ़ते कटाव से भवनों को संकट, नींव के नीचे बह रही मिट्टी
पुरोला। मोरी ब्लॉक मुख्यालय के मुख्य बाजार के बीच बहने वाला नाला एक बार फिर आसपास की दुकानों और भवनों के लिए खतरा बन गया है। रविवार देर रात हुई भारी बारिश के बाद नाले का जलस्तर अचानक बढ़ने से दोनों किनारों पर तेज कटाव हुआ। इससे कई भवनों की नींव के नीचे की मिट्टी बह गई। इससे भवनों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा है।
करीब दस वर्ष पहले बादल फटने की घटना के दौरान इसी नाले में आए उफान से मुख्य बाजार की कई दुकानें और भवन क्षतिग्रस्त हुए थे। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने नाले के दोनों ओर सुरक्षात्मक कार्य, काॅजवे और स्कबर का निर्माण कराया था लेकिन हर बरसात में नाला फिर से लोगों की चिंता बढ़ा देता है। प्रधान संगठन अध्यक्ष कैलाश चंद्र डिमरी ने बताया कि तेज बारिश के कारण नाले में आए उफान से दोनों किनारों पर बड़े पैमाने पर कटाव हुआ है।
कैलाश डिमरी और स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से तत्काल नाले का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि दोनों किनारों पर मजबूत सुरक्षात्मक दीवार और अन्य सुरक्षा कार्य जल्द शुरू किए जाएं ताकि बाजार, भवनों और स्थानीय लोगों को भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचाया जा सके।