जिला प्रशासन ने जनगणना 2021 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला मुख्यालय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में अधिकारियों को जनगणना की जानकारी दी गई। डीएम ने जनगणना में सटीक आंकड़े एकत्र करने पर जोर दिया।
वर्ष 2021 में देश में आठवीं जनगणना होनी है। इसके प्रथम चरण में 1 मई से 15 जून 2020 तक मकानों का सूचीकरण एवं गणना की जाएगी, जबकि 9 से 28 फरवरी 2021 तक दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना के साथ ही व्यक्तिगत विवरण एकत्र किए जाएंगे। दो दिवसीय जनगणना कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए डीएम डा. आशीष चौहान ने कहा कि जनगणना में सही एवं सटीक आंकड़े जुटाने से बेहतर योजनाएं तैयार करने में सहायता मिलती है। जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड के संयुक्त निदेशक मनीष चौधरी ने चार्ज अधिकारियों को जनगणना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पेपर मोड एवं मोबाइल एप्लीकेशन दोनों स्तर पर की जा रही है। इस मौके पर एसडीएम चतर सिंह चौहान, समन्वयक केके पटेल सहित सभी चार्ज अधिकारी, तहसीलदार आदि मौजूद रहे। ब्यूरो