जिला कांग्रेस कमेटी ने उठाई मांग, विशेषज्ञों से ब्लू प्रिंट तैयार करने को कहा
उत्तरकाशी। जिला कांग्रेस कमेटी ने आपदा प्रभावित धराली में मलबे से जल्द ही शवों को निकालने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पांच माह बीत जाने के बाद भी धराली के पुनर्वास के लिए अभी तक सरकार किसी प्रकार की योजना नहीं बना पाई है। इसलिए विशेषज्ञों की एक टीम नियुक्त कर जल्द ही एक ब्लू प्रिंट इसके लिए तैयार किया जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप रावत ने नेतृत्व में शनिवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। इस दौरान उन्होंने मांग की है कि पूर्व की सरकारों ने भी आपदा के दौरान रियायत देकर प्रभावित लोगों को मुआवजा उपलब्ध करवाया था लेकिन धराली आपदा के पांच माह बाद भी अभी तक लोगों को उनके व्यवसायिक और निजी भवनों का मुआवजा नहीं दिया गया है।
वहीं, इसके लिए किसी प्रकार के मानकों को भी तय नहीं किया गया है। इस कारण आपदा प्रभावित लोग अपने आप को ठगा हुआ सा महसूस कर रहे हैं। साथ ही मलबे से अभी तक शासन-प्रशासन की ओर से एक भी शव बरामद नहीं किया गया है। इससे मृतक परिवारों का दुख ओर भी अधिक बढ़ रहा है।
धराली और हर्षिल के बीच आपदा के दौरान बनी झील की निकासी के लिए भी किसी प्रकार के उचित कदम नहीं उठाए गए हैं। यह भविष्य में हर्षिल और निचले इलाकों के लिए बड़ी आपदा का रूप ले सकती है। कांग्रेस ने हर्षिल में एक लकड़ी का गोदाम बनाने की मांग की है। आपदा के दौरान जो लकड़ियां बह कर आए थे। उनका आपदा प्रभावित लोगों को आवंटित किया जाए। इस मौके पर सुधीश पंवार, मनोज परमार, आनंद पंवार, मधु, भगवान सिंह आदि मौजूद रहे।