उत्तरकाशी। जिले के नवनियुक्त डीएम मयूर दीक्षित ने मानपुर गांव का दौरा कर यहां संचालित मधुमक्खी पालन एवं शहद उत्पादन परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने मानपुर गांव को मधुमक्खी पालन क्लस्टर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया और यहां तैनात फार्मेसिस्ट की ड्यूटी वॉर रूम में लगाने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल फार्मेसिस्ट को मूल तैनाती स्थल पर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने टीनशेड में संचालित स्वास्थ्य केंद्र का सुदृढ़ीकरण कराने को कहा।
शुक्रवार को डीएम मयूर दीक्षित भटवाड़ी प्रखंड के मानपुर गांव पहुंचे। यहां हरिमहाराज आजीविका स्वायत्त सहकारिता थलन मानपुर की ओर से संचालित मधुमक्खी पालन एवं शहद उत्पादन परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से मधुमक्खी पालन को आजीविका का जरिया बनाने को कहा। एटी इंडिया के मौन पालक विशेषज्ञ महेंद्र प्रसाद ने बताया कि सहकारिता के तहत क्षेत्र में 300 मधुमक्खी पालकों के साथ कार्य किया जा रहा है। जून से अगस्त माह के बीच उत्पादित शहद 275 रुपये प्रतिकिलो तथा सितंबर से नवंबर के मध्य तैयार होने वाला शहद 500 से 700 रुपये किलो की दर से बिक रहा है। इस मौके पर ग्राम प्रधान धर्मेंद्र भंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य संगीता देवी, जगवीर बिष्ट, जगमोहन नेगी, हकीम चौहान, महेंद्र भट्ट, रघुवीर गुसाईं आदि अनेक लोग मौजूद रहे।