चारधाम यात्रा की तैयारी को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड एवं लोनिवि यमुनोत्री राजमार्ग वैकल्पिक पैदल मार्ग को सुगम आवाजाही के लिए बनाने में जुटा है।
यमुनोत्री राजमार्ग को गड्ढा मुक्त बनाने को लेकर जगह-जगह पैचवर्क कर हाईवे को हॉटमिक्स किया जा रहा है, जबकि जानकीचट्टी से यमुनोत्री तक के पांच किमी पैदल मार्ग पर इन दिनों लोनिवि पैदल मार्ग पर टाइल्स, किनारों पर रेलिंग लगाई जा रही है।
वहीं अन्य वैकल्पिक मार्ग भिंडयाली गाड़ से यमुनोत्री धाम तक के ढाई किमी का वैकल्पिक मार्ग वन विभाग की ओर से डेढ़ करोड़ खर्च करने के बाद भी नहीं बनाया गया है। वहीं गंगोत्री मार्ग पर ओवर ऑल सड़क निर्माण कार्य आवागमन के लिए सुगम है, लेकिन भटवाड़ी से आगे इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है।
जिसमें वाहनों की आवाजाही के लिए वनवे को सही करने के लिए डीएम ने यात्रा शुरू होने से पहले काम निपटाने के लिए बीआरओ को निर्देश दिए हैं, जबकि यात्रा के दौरान उत्तरकाशी क्षेत्र में जाम नहीं लगे इसके लिए बड़ेथी से तेखला पुल तक पांच किमी का वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है।
इससे गंगोत्री जाने वाले यात्रियों को उत्तरकाशी नगर क्षेत्र नहीं आना पड़ेगा। वे बड़ेथी बाईपास से तेखला पुल होते हुए गंगोत्री हाईवे पर पहुंचकर गंगोत्री धाम पहुंचेंगे। गंगोत्री धाम से लौटने वाले यात्री अगर केदारनाथ जाना चाहते हैं, तो वे बगैर नगर क्षेत्र में प्रवेश किए तेखला पुल होते हुए धौंतरी -लंबगांव होते हुए श्रीनगर निकल सकते हैं। इसके लिए रूट को भी दुरुस्त किया गया है।