उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय के समीप मंगलवार सुबह इंद्रावती नदी में एक शव दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त बिजनौर निवासी एक मजदूर के रूप में हुई है। वह अपने भाई के साथ जिला मुख्यालय में मजदूरी करता था।
नगर कोतवाल निरीक्षक भावना कैंथोला ने बताया कि मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने इंद्रावती नदी में एक शव पड़े होने की सूचना दी। बिजनौर निवासी मनोज कुमार ने शव की शिनाख्त अपने भाई सोरन सिंह (35) ओमप्रकाश निवासी चाढ़ा बिजनौर के रूप में की। मृतक के भाई ने बताया कि बीते सोमवार दोपहर को उसने गांव जाने के लिए उसे बस में बैठा दिया था।
पुलिस के अनुसार उसके बाद उसने बस से उतरकर शराब पी और नशे में इंद्रावती नदी की ओर चला गया और पानी पीने के लिए झुका इसी बीच वह गिर गया। प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद