पुरोला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुहाने पर सुरक्षा दीवारें खोखली हो गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दीवारों के खोखली होने से यहां दुर्घटना का भी खतरा बना हुआ है, लेकिन विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।
पुरोला के देवढुंग, कोटी, पोरा, कुमारकोट, मोल्टाड़ी, धामपुर, सुकडाला, भदराली सहित क्षेत्र के लगभग चार दर्जन से अधिक गांवों का पुरोला बाजार व हॉस्पिटल आने का मुख्य पैदल मार्ग है, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी सिंचाई विभाग ने सुरक्षा दीवार नहीं बनवाई। भाजपा नेता बद्री प्रसाद नौडियाल ने बताया कि आपदा के समय आपदा सचिव के पुरोला आने पर भी सुरक्षा दीवार के निर्माण के निर्देश देने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया। इधर, सहायक अभियंता पीएस रावत का कहना है कि कमलनदी व छाड़ा खड्ड में आपदा से क्षतिग्रस्त दीवारों का इस्टीमेट शासन को भेजा गया है, जल्द ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा। संवाद