उत्तरकाशी। बीते दिनों एक युवक के साथ मारपीट कर उसके अपहरण करने के प्रयास में पुलिस ने एक और युवक की शिनाख्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पहले पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बीते 22 फरवरी की रात को ज्ञानसू टैक्सी स्टेंड के पास सात-आठ लोगों ने मिलकर एक युवक की पिटाई की और उसका अपहरण करने का प्रयास किया था। मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बीते दिनों पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया था, जिसमें से दो को जिला बदर करने की कार्रवाई गतिमान है और तीन लोगों को नई टिहरी जेल भेजा जा चुका है। थानाध्यक्ष केआर पांडेय ने बताया कि मामले में पुलिस ने एक अन्य युवक की शिनाख्त ज्ञानसू निवासी मनोज के रूप में की है। बृहस्पतिवार को युवक को भी गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे नई टिहरी जेल भेज दिया गया।