नगर पालिका बड़कोट सहित जिले में प्रस्तावित चार पंपिंग पेयजल योजनाएं अधर में लटकी हैं। इन योजनाओं को विदेशी ऋण के भरोसे प्रस्तावित किया गया था, लेकिन वर्तमान समय में कोरोना महामारी के कारण देश-दुनिया में बदले हालातों के चलते अब इनके लिए ऋण की व्यवस्था नहीं हो पा रही है।
पालिका बड़कोट में चार दशक पुरानी पेयजल योजना से पेयजल आपूर्ति हो रही है, जो कि बढ़ती आबादी के चलते अपर्याप्त है। स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग पर यमुना नदी तिलाड़ी तोक से एक पंपिंग पेयजल योजना मंजूर हुई थी। जल निगम ने योजना को नए हाईटेक तकनीकी से बनाने के लिए करीब 32 करोड़ लागत का इस्टीमेट शासन को भेजा, जिस पर शासन ने बड़कोट सहित जिले के चिन्यालीसौड़, नौगांव, पुरोला में भी पंपिंग पेयजल योजना को विदेशी सहायता से बनाए जाने के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था, लेकिन कोविड के चलते डीपीआर के लौटने प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल निगम के ईई मुकेश जोशी का कहना है कि विदेशी ऋण से प्रस्तावित जिले की चार योजनाओं को लेकर पत्र प्राप्त हुआ है। अब इनका इस्टीमेट जल जीवन मिशन-शहरी की गाइड लाइन के अनुरूप बनाए जाने को कहा गया है।