ठेकेदार संगठन ने लोनिवि में चल रही गड़बड़ियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बगैर निविदा कराए करोड़ों के कार्य स्लेक्शन बॉंड पर कराए जाने का विरोध करते हुए ठेकेदारों ने लोनिवि कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने गुपचुप ढंग से किए गए अनुबंध निरस्त करने की मांग करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को ठेकेदार लोनिवि कार्यालय के समक्ष एकत्र हुए। यहां विभाग में चल रही गड़बड़ियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर उन्होंने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ठेकेदारों का आरोप है कि विभाग में करोड़ों के कार्य बगैर खुली निविदा कराए स्लेक्शन बॉंड पर चहेते ठेकेदारों से कराए जा रहे हैं। इससे स्थानीय ठेकेदारों का अहित होने के साथ ही सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जियो कंपनी से प्राप्त तीन करोड़ से अधिक धनराशि अनावश्यक जगहों पर लीपापोती कर खर्च की गई। अन्य योजनाओं में भी स्थानीय ठेकेदारों की अनदेखी की जा रही है।
ठेकेदारों ने लोनिवि के कई अधिकारी कर्मचारियों पर ठेकेदारी में संलिप्त होने के आरोप भी लगाए। विभागीय कार्यशैली पर रोष जताते हुए उन्होंने गुपचुप ढंग से कराए गए अनुबंध निरस्त नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों में ठेकेदार संघ के अध्यक्ष मदन नेगी, बलदेव रावत, लोकेंद्र रावत, केंद्र सिंह, गोविंदराम नौटियाल, दरमियान सिंह, बलवंत सिंह, सेवाराम शाह, सेवक राम, दयाराम नेगी, शीशपाल रावत, कविंद्र असवाल, उपेंद्र राणा, किशन सिंह, दिनेश खत्री, जगपाल सिंह आदि दर्जनों ठेकेदार शामिल रहे। इधर लोनिवि के ईई धीरेंद्र कुमार ने कहा कि ठेकेदारों की कार्यालय से संबंधित कुछ समस्याएं थीं। ठेकेदार संगठन से वार्ता कर इनका समाधान कर दिया गया है।