अगले साल के अंत तक शुरू हो सकती है वाहनों की आवाजाही
चिन्यालीसौड़। यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन बहुचर्चित सिलक्यारा टनल के निर्माण को लेकर अच्छी खबर है। लंबे समय तक बाधाओं और चुनौतियों से जूझने के बाद अब टनल का निर्माण अंतिम चरण में है। निर्माण कार्य कर रही नवयुगा कंपनी का दावा है कि काम में फिलहाल कोई रुकावट नहीं है और इसे उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरा किया जाएगा।
कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि अगले वर्ष के अंत तक चारधाम यात्रा के दौरान इस टनल से वाहनों की आवाजाही शुरू करने का लक्ष्य है।चारधाम ऑलवेदर रोड प्रोजेक्ट का हिस्सा 4.5 किलोमीटर लंबी सिलक्यारा टनल गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
वर्ष 2019 में एनएचआईडीसीएल की देखरेख में इसका निर्माण शुरू हुआ था। नवयुगा कंपनी को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्माण के दौरान टनल धंसने सहित कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन अब काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। टनल में अभी लाइनिंग का करीब 700 मीटर, सेंटर वॉल का 1400 मीटर, बेंचिंग का 10 मीटर और परमानेंट इनवर्ट का 200 मीटर कार्य शेष बताया गया है।
नवयुगा कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीराम ने बताया कि टनल का निर्माण कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। काम समय पर पूरा करने के लिए कंपनी की टीमें दिन-रात जुटी हुई हैं। निर्माण में किसी प्रकार की बाधा नहीं है और टनल को उच्च गुणवत्ता के साथ तैयार किया जाएगा। टनल के शुरू होने से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा अधिक सुगम होगी।