नए साल के आगाज के साथ ही कांग्रेस पार्टी ने गंगोत्री विधानसभा सीट पर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ ही क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जनांदोलन खड़ा करने का निर्णय लिया गया।
शनिवार को गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण के नेतृत्व में दंडी क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। पूर्व विधायक सजवाण ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने बूथ लेबल तक पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने को कहा।
बैठक में आने वाले दिनों में जनमुद्दों को लेकर संघर्ष की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें उत्तरकाशी नगर की कूड़ा निस्तारण की समस्या, रामलीला मैदान की हालत में सुधार, बस अड्डा एवं पार्किंग निर्माण, बौन इंजीनियरिंग कालेज शुरू कराने आदि मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन किए जाएंगे। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जगमोहन रावत, पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख कनकपाल परमार, नगर अध्यक्ष दिनेश गौड़, विजेंद्र नौटियाल, सविता भट्ट, दिवाकर भट्ट, कविता जोगेला, बुद्धि सिंह राणा, विजेंद्र सिंह, मीना नौटियाल आदि मौजूद रहे।