चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी का लगाया आरोप
चिन्यालीसौड़/पुरोला। चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चिन्यालीसौड़ में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले फूंककर केंद्र सरकार एवं चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी को लेकर उठाए गए सवालों का जवाब केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को देना चाहिए। कांग्रेस ने केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में हुए चुनावों को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
पार्टी नेताओं ने कहा कि जांच में यदि कोई अनियमितता या गैरकानूनी कृत्य सामने आता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस ने आवश्यकता पड़ने पर न्यायिक जांच की मांग भी उठाई। प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने तहसीलदार चिन्यालीसौड़ के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। प्रदर्शनकारियों में दर्शन लाल, राजेंद्र गुसाईं, देवजन बंठवाण, बीरेंद्र रमोला, नवीन भंडारी, जसबीर चौहान, विनोद जड़ाया, आनंद प्रकाश आदि मौजूद रहे।
पुरोला में भी नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह की अध्यक्षता में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरोला तिराहे पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में बिहारी लाल शाह, धीरेन्द्र नेगी, कवीन्द्र असवाल, हरिमोहन जुवांठा, प्रशांत नेगी, जगबीर रावत, जयेंद्र रावत, दर्मियान पंवार, निर्मला देवी शामिल रहे।