पुरोला। जन जन की सरकार, जन जन के द्वार अभियान कार्यक्रम के तहत पुरोला खेल मैदान में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने गांव में राज्य वित्त से कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि राज्य वित्त के कामों में घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए।
शिविर में मौजूद उप जिलाधिकारी पुरोला मुकेश रमोला ने मामले की जांच का आश्वासन दिया। बुधवार को कमल नदी के तट पर खेल मैदान में आयोजित शिविर में कुल पांच शिकायतें दर्ज हुई। उपजिलाधिकारी ने शिकायतों को त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान भद्राली गांव की ममता रावत और पुष्पा देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे में अनियमितता की शिकायत दर्ज कराई। संवाद
उन्होंने योजना में पात्र व्यक्तियों को शामिल न किए जाने का आरोप लगाया। वहीं नेत्री गांव के अनुसूचित जाति के राजूलाल ने समाज कल्याण विभाग की ओर से बेटी के विवाह को मिलने वाली सहायता राशि दिलाने की मांग की। एसडीएम ने शिकायतों की जांच व त्वरित कार्रवाई को संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। शिविर में उद्यान, कृषि, स्वास्थ्य, वन विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, स्वास्थ्य, कृषि सहित अन्य विभागों की ओर से स्टॉल लगा कर आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी सुरेश चौहान, तहसीलदार कमलेश किरोला, श्रीदेव सिंह चौहान, रोशन टम्टा, जगजीवन पंवार, ललिता नौटियाल, सुशील रतूड़ी, विरेंद्र कुमार, प्रदीप रतूड़ी सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।