उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में आयोजित वालीबॉल प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि पालिका अध्यक
रामलीला मैदान में जिलास्तरीय मां गंगा यमुना वालीबॉल ट्रॉफी प्रतियोगिता का समापन
उत्तरकाशी। शहर के रामलीला मैदान में जिलास्तरीय मां गंगा यमुना वालीबॉल ट्रॉफी प्रतियोगिता का समापन हो गया। बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला चिन्यालीसौड़ और भटवाड़ी के बीच खेला गया जिसमें चिन्यालीसौड़ ने जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया।
अंतिम दिन दोनों टीम के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले के पहले सेट में भटवाड़ी ने 25-22 से बढ़त बनाई लेकिन दूसरे सेट में चिन्यालीसौड़ ने 25-14 से शानदार वापसी की। तीसरे और निर्णायक सेट में भी चिन्यालीसौड़ ने 25-20 से जीत दर्ज कर खिताब कब्जाया। इससे पूर्व वालीबाॅल लीग प्रतियोगिता में थर्ड प्लेस के लिए डुंडा और मोरी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले सेट में डुंडा ने 21-14 से जीत दर्ज की, जबकि दूसरे सेट में मोरी ने 21-18 से वापसी की।
निर्णायक तीसरे सेट में मोरी ने 15-14 से जीत हासिल कर थर्ड प्लेस अपने नाम किया। समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जबकि व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश चौहान विशिष्ट अतिथि रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और खेलों में करियर बनाने के लिए मेहनत और जुनून के साथ आगे बढ़ने को प्रेरित किया।
जिला क्रीड़ाधिकारी बबीता बिष्ट ने विजेता, उपविजेता एवं थर्ड प्लेस जीतने वाली टीमों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में विजेता टीम चिन्यालीसौड़ को 51 हजार रुपये, उपविजेता भटवाड़ी को 31 हजार रुपये व थर्ड प्लेस प्राप्त करने वाली मोरी टीम को 21 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई। क्रीड़ाधिकारी बबीता ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 26 मार्च तक किया गया जिसमें जनपद के छह विकासखंडों से चयनित 72 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।