देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को लेकर चारधाम तीर्थ पुरोहितों के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पहुंचकर राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी से मुलाकात की। सांसद बलूनी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता कर समस्या का हल निकालने का भरोसा दिलाया।
उत्तराखंड सरकार की ओर से चारधाम समेत विभिन्न मंदिरों को देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के अधीन किए जाने के बाद से ही तीर्थ पुरोहितों द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है। शुक्रवार को चारधाम के तीर्थ पुरोहितों का प्रतिनिधिमंडल इस मुद्दे को लेकर दिल्ली पहुंचा। वहां उन्होंने राज्य सभा सांसद अनिल बलूूनी से मुलाकात कर देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को भंग करने की मांग की। चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के संयोजक गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष पं. सुरेश सेमवाल, प्रवक्ता डा. बृजेश सती ने बोर्ड के चलते धामों की व्यवस्था और तीर्थ पुरोहितों के हक हकूक प्रभावित होने के साथ ही से अनादिकाल से चली आ रही धार्मिक परंपराओं के खिलाफ बताया। सांसद बलूनी ने कहा कि चार धामों के प्रति उनकी गहरी आस्था है और वे तीर्थ पुरोहितों की भावनाओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने तीर्थ पुरोहितों को भरोसा दिलाया कि वे इस संबंध में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से वार्ता कर समस्या का हल निकालने का प्रयास करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में राजेश सेमवाल, महेश सेमवाल, अनिरुद्ध उनियाल आदि शामिल रहे।