जिले में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे पर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। इस दौरान कहीं रासौ-तांदी नृत्य, तो कहीं खेलों का आयोजन किया गया। होली पर्व पर मां राज राजेश्वरी कुटेटी कला संगम की ओर से कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक बुराइयों पर कटाक्ष किया।
मनेरा स्टेडियम में यूथ फाउंडेशन की ओर से आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में लोक गायक ओम बधाणी पहुंचे। उन्होंने होली मिलन के विभिन्न गीतों की प्रस्तुति दी। रवांई घाटी में गांव-गांव में होल्यारों ने घर-घर जाकर होली के त्योहार पर तैयार पकवानों का स्वाद लिया।
सांग्राली गांव में रासौं नृत्य के साथ कबड्डी खेल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इधर, बड़कोट, पुरोला, नौगांव, चिन्यालीसौड़, मोरी डुंडा, भटवाड़ी क्षेत्र में भी होली पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया, जबकि नगर क्षेत्र और डीएम आवास पर भी होली मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।