उत्तरकाशी। दयारा बुग्याल में इस वर्ष बटर फेस्टिवल (अंढ़ड़ी) का आयोजन नहीं किया जाएगा। कोरोना महामारी के प्रकोप को देखते हुए दयारा पर्यटन उत्सव समिति ने यह निर्णय लिया है।
दयारा बुग्याल में हर साल अगस्त माह में दूध, मक्खन, मट्ठा की अनूठी होली वाला अंढूड़ी त्योहार मनाया जाता है। बीते डेढ़ दशक में यह पारंपरिक त्योहार बटर फेस्टिवल के रूप में देश-दुनिया में अलग पहचान बना चुका है। हर साल इस पर्व में शामिल होने के लिए बाहरी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। शनिवार को बटर फेस्टिवल के आयोजन को लेकर दयारा पर्यटन उत्सव समिति एवं ग्राम पंचायत रैथल की बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस बार कोरोना महामारी के चलते बटर फेस्टिवल का आयोजन नहीं किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष मनोज राणा ने कहा कि बीते सालों में 15-16 अगस्त को यह त्योहार मनाया जाता था। इस मौके पर गांव की प्रधान सुशीला राणा, पंचमालगुजार गजेंद्र राणा, विजय सिंह, महेंद्र राणा, पंकज कुशवाल, सुमित रतूड़ी आदि मौजूद रहे।