जोखिम में आवाजाही कर रहे हैं ग्रामीण, गडुगाड में पुल निर्माण की मांग
उत्तरकाशी। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के कुपड़ा-कुनसाला-त्रिखली मोटर मार्ग पर गडुगाड में निर्माणाधीन मोटर पुल की स्थिति अब ग्रामीणों के लिए परेशानी के साथ चिंता का कारण बन गई है। पुल का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है जिससे ग्रामीणों को आवाजाही के लिए जोखिम उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक साल बीतने के बावजूद पुल तैयार नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक भी मौके का निरीक्षण कर चुके हैं। निर्माण में तेजी आने की उम्मीद थी लेकिन समय बीतने के बावजूद स्थिति में कोई ठोस बदलाव नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय निवासी महावीर पंवार माही ने कहा कि पुल के अधूरे निर्माण के कारण ग्रामीणों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार उन्हें जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि यदि निर्माण में कोई तकनीकी, बजट या अन्य अड़चन है तो विभाग को उसे दूर कर काम जल्द पूरा करना चाहिए। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से गडुगाड में मोटर पुल का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के साथ ही कुपड़ा-कुनसाला-त्रिखली मोटर मार्ग को भी दुरुस्त कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि निरीक्षण और आश्वासन के बाद भी यदि पुल अधूरा रहता है तो यह क्षेत्र की बुनियादी सड़क सुविधा को लेकर कई सवाल खड़े करता है।