उत्तरकाशी। भटवाड़ी विकासखंड के ज्ञाणजा गांव में भालू की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है। भालू हाल में एक-दो लोगों पर हमला भी कर चुका है। इसके बाद ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। आबादी के नजदीक भालू की मौजूदगी के चलते लोग खेतों में काम करने और मवेशियों के लिए जंगल जाने से भी कतरा रहे हैं।
ग्राम प्रधान सुमन पंवार और ग्रामीणों ने इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी कोटबंगला को पत्र भेजकर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास के जंगल में भालू की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के लिए भी सतर्कता बरतनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तत्काल टीम गांव में भेजकर भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जाए। प्रधान सुमन पंवार का कहना है कि हमले की घटनाओं के बाद स्थिति को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। वन विभाग समय रहते आवश्यक कदम उठाए। संवाद