एसबीआई की मुख्य ब्रांच में लोनिवि की ओर से बीते तीन अप्रैल को जमा किए गए चेक का अभी तक भुगतान नहीं मिलने से ठेकेदारों में रोष है। उन्होंने बैंक के शाखा प्रबंधक से शीघ्र भुगतान की मांग की है।
मनवीर राणा, चतर सिंह, शीशपाल पोखरियाल, रामस्वरूप भट्ट, उदय मटूड़ा, कीर्ति नेगी आदि ठेकेदारों ने बताया कि बीते मार्च फाइनल के दौरान लोनिवि ने ट्रेजरी से एकमुश्त भुगतान प्राप्त कर बीते तीन अप्रैल को एसबीआई की मुख्य शाखा में चेक जमा कराया था।
यह भुगतान ठेकेदारों के खातों में किया जाना था। एक पखवाड़े से भी ज्यादा समय बीत गया, लेकिन बैंक ने अभी तक भुगतान नहीं किया है। पूछने पर काम की व्यस्तता बताकर बैंक कर्मी ढंग से जवाब देने को भी राजी नहीं।
भुगतान नहीं होने से ठेकेदारों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बैंक के शाखा प्रबंधक से शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है। शाखा प्रबंधक की अनुपस्थिति में बैंक कर्मचारी उपभोक्ताओं को संतोषजनक जवाब भी नहीं दे रहे हैं।