चिन्यालीसौड़ के वार्ड नंबर छह में शराब पिलाता कोई पकड़ा गया तो लगेगा 51 हजार का अर्थदंड
चिन्यालीसौड़। नगर पालिका के वार्ड छह में शादी समारोह आदि मांगलिक कार्यों में ग्रामीणों ने शराब परोसने पर प्रतिबंध लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि नागणी बड़ी में शराब आदि नशे का प्रचलन बढ़ने से युवा पीढ़ी गलत दिशा में जा रही है। नियम तय किया गया कि यदि कोई भी व्यक्ति मांगलिक कार्यों में शराब पिलाता पकड़ा गया तो 51 हजार का अर्थदंड लगाया जाएगा।
शनिवार को नगर पालिका चिन्यालीसौड़ के वार्ड नंबर छह में सामूहिक हरियाली पूजा के समापन के अवसर पर नागणी बड़ी के निवासियों ने नागराजा भगवान के मंदिर परिसर में शराब पर प्रतिबंध लगाने को लेकर अहम निर्णय लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने मांगलिक कार्य पर शराब परोसने वाले परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने की सामूहिक शपथ भी ली।
नागणीवासियों ने बताया कि शराब के प्रचलन से युवा पीढ़ी में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो समाज को गलत दिशा की ओर ले जा रहा है। साथ ही नशा परिवारों की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर रही है। नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ने की जरूरत है। इस मौके पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शूरवीर रांगड़, प्रताप सिंह मेहरा, शूरवीर नेगी, विशाल डोभाल, कपूर रमोला, रूकमचंद रमोला, सुंदर मेहरा, कुलवीर मेहरा, प्रदीप रावत, रविन्द्र पंवार आदि मौजूद थे।