धरासू-अदनी-रौंतल मोटर मार्ग पर शेष साढ़े चार किमी पर कटिंग का कार्य प्रारंभ नहीं करवाए जाने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंप कर सड़क का कार्य शीघ्र शुरू नहीं करवाने की स्थिति में 24 जनवरी से आंदोलन की चेेतावनी दी।
धरासू-अदनी-रौंतल मोटर मार्ग पर स्वीकृत शेष साढ़े चार किमी सड़क पर लोनिवि की लापरवाही के कारण कटिंग कार्य शुरू नहीं हो सका है। सड़क सुविधा से वंचित क्षेत्र की तीन हजार की आबादी तीन वर्षों से सड़क की राह ताक रही है।
सोमवार को क्षेत्र के गुस्साए ग्रामीणों ने डीएम विनय शंकर पांडेय को ज्ञापन सौंपकर लोनिवि पर क्षेत्र के ग्रामीणों की अनदेखी का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पिछले साल देवीसौड़ पर चल रहे आंदोलन के दौरान विभागीय अधिकारियों की ओर से छह माह में सड़क पर कटिंग कार्य शुरू करवाने का लिखित आश्वासन भी दिया गया, लेकिन सड़क का कार्य आज तक शुरू नहीं करवाया गया।
उन्होंने सड़क पर कटिंग का काम शुरू नहीं करने पर 24 जनवरी से लोनिवि कार्यालय चिन्यालीसौड़ में आंदोलन की चेतावनी दी।
ज्ञापन पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामसुंदर नौटियाल, कुलानंद नौटियाल, तोता राम, पंचराम, हर्षमणी, शिवशंकर पैन्यूली, रामकृष्ण, राधेश्याम, दिनेश बिजल्वाण, आनंद मिश्रा के हस्ताक्षर हैं।