देवस्थानम बोर्ड में नामित सदस्य कृपाराम सेमवाल के बोर्ड बैठक में शामिल होने से गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहितों में रोष है। शनिवार को तीर्थपुरोहितों ने कृपाराम सेमवाल के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। साथ ही देवस्थानम बोर्ड को तत्काल भंग करने की मांग उठाई।
श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव दीपक सेमवाल का कहना है उनके द्वारा कोई सदस्य देवस्थानम बोर्ड में नामित नहीं किया गया। जो सदस्य नामित किया गया है उसे भारतीय जनता पार्टी ने किया है। इसका वे विरोध करते हैं। इसके बाद तीर्थपुरोहितों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर नामित सदस्य का पुतला फूंका। प्रदर्शन करने वालों में नरेश सेमवाल, हरदीप, प्रेमकांत, राकेश सेमवाल, मनमोहन, रमेश सेमवाल, मनु, कमलनयन, शैलेश, बिहारी प्रसाद, रोहित, पदम दत्त, अनुप सेमवाल, विजेंद्री देवी, राजेश्वरी देवी, कामेश्वरी देवी, जमना देवी, कमलेश्वरी देवी, कैलाशी, गायत्री सेमवाल आदि शामिल थे। उधर, यमुनोत्री धाम में तीर्थपुरोहितों का धरना जारी रहा। इस मौके पर अमित उनियाल, बागेश्वर उनियाल, कपिल, अनोद, सुशील, कुलदीप, विपिन, अरविंद, कुलदीप आदि मौजूद रहे।
पूर्व सीएम के बयान पर भी जताया रोष
गंगोत्री धाम में तीर्थपुरोहितों ने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत के तीर्थ पुरोहितों को कांग्रेसी कहे जाने संबंधी बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल ने कहा कि वे भाजपा में जरूर हैं लेकिन उनकी विचारधारा अलग है। तीर्थपुरोहितों ने शीघ्र देवस्थानम बोर्ड रद्द नहीं होने पर ब्लॉक मुख्यालय भटवाड़ी में 23 जुलाई से तहसील घेराव और प्रदर्शन की चेतावनी दी है।