पुरोला। मोरी के ग्राम पंचायत ढाटमीर के मारोड़ी तोक बीती रविवार देर रात एक लकड़ी के मकान में अचानक आग लग गई। घटना में घर के अंदर मौजूद एक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें सीएचसी मोरी पहुंचाकर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया।
स्थानीय निवासी राजपाल रावत ने बताया कि बीते रविवार देर रात ढाटमीर के मारोड़ी तोक में वरदान सिंह के मकान में अचानक आग लग गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घर के अंदर मौजूद बुजुर्ग शोभाराम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वे झुलस गए थे। ग्रामीणों ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। आग इतनी भयानक थी कि घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
ग्रामीणों की सूझबूझ से आग को अन्य घरों में फैलने से रोका गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसे शोभाराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि ढाटमिर गांव में आग की सूचना मिलते ही राजस्व टीम को क्षति का आंकलन करने व जरूरी मदद के लिए भेज दिया गया है। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। संवाद