पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को ज्ञापन देकर जताई नाराजगी
पुरोला। विकासखंड मोरी के ग्राम गुराड़ी के ग्रामीणों ने स्वीकृत मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं मरम्मत के लिए स्वीकृत धनराशि को अन्यत्र खर्च किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस संबंध में पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को ज्ञापन देकर नाराजगी जताई। स्वीकृत बजट को निर्माण और मरम्मत पर ही खर्च करने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने कहा कि शासन की ओर से ग्राम गुराड़ी सड़क के डामरीकरण एवं मरम्मत के लिए 17.50 करोड़ स्वीकृत किए हैं। आरोप है कि कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई इस स्वीकृत बजट को गुराड़ी सड़क पर खर्च करने के बजाय दूसरे क्षेत्र में खर्च करने का प्रयास कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क और उसका बजट ग्राम गुराड़ी के नाम से स्वीकृत है तो इसका लाभ गांव को ही मिलना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। पीएमजीएसवाई के एई सुभाष दोरियाल ने बताया कि मोरी-नेटवाड़-सांकरी मोटर मार्ग के किमी चार से गुराड़ी स्कूल तक डामरीकरण एवं मरम्मत कार्य के लिए स्वीकृत बजट का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाएगा। ज्ञापन पर ग्राम प्रधान कैलाश डिमरी, प्रवेश, मोहन लाल, सुनील डिमरी, ओमप्रकाश, महेंद्र सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सत्येश्वर प्रसाद के हस्ताक्षर हैं।