ग्रामीणों ने खुली बैठक में किया सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित
प्रस्ताव का उल्लंघन करने वाले पर 21 हजार का लगाया जाएगा अर्थदंड
पुरोला। विकासखंड के ग्राम पंचायत कंडियाल गांव में शादी समारोह, चूड़ाकर्म संस्कार जैसे कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने शराब और मांस परोसने पर प्रतिबंध लगाया है। ग्रामीणों ने ग्राम सभा की खुली बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया। तय किया गया कि प्रस्ताव का उल्लंघन करने वाले पर 21 हजार अर्थदंड लगाया जाएगा।
शनिवार को ग्राम प्रधान किरण जयाड़ा और क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रियंका महर की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक की गई। इसमें गांव में निवासरत सभी समुदायों के लोगों ने सहभागिता की। बैठक में सामाजिक कुरीतियों पर नियंत्रण और गांव में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से ग्रामसभा ने निर्णय लिया कि कोई भी व्यक्ति अपनी जातीय, पारिवारिक अथवा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों जैसे चूड़ाकर्म, शादी-ब्याह या अन्य पार्टियों में शराब एवं मांस का प्रयोग नहीं करेगा। ग्रामसभा ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रस्ताव का उल्लंघन करते हुए शादी, दावत या किसी भी प्रकार के आयोजन में शराब या मांस का उपयोग करता पाया गया, तो उस पर 21 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा।
साथ ही दंड न मानने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। ग्रामसभा ने यह भी निर्णय लिया कि जन्मदिन जैसे निजी आयोजनों पर भी उक्त नियम समान रूप से लागू रहेंगे। सभी प्रस्ताव ग्रामवासियों की सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में गोविंद सिंह जयाड़ा, प्रवीन सिंह, द्वारिका प्रसाद, बिजेंद्र पंवार, युद्धबीर सिंह, विरेन्द्र सिंह, नागेन्द्र सिंह, जयबीर दास, सुमन सिंह, चरण, सचिन, फुलक सिंह उपस्थित रहे।